शासकीय प्राथमिक विद्यालय पिपलिया सोलंकी में पदस्थ एक शिक्षक द्वारा विद्यालय की तीसरी, चौथी एवं पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्राएं डर और सहम के माहौल में जब घर पहुंचीं तो उन्होंने अपने साथ हुई हरकत की जानकारी परिजनों को दी। बेटियों की आपबीती सुनकर परिजनों में गुस्सा फूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंचे और आरोपी शिक्षक को पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने शिक्षक को पुलिस के हवाले किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल आरोपी शिक्षक को अभिरक्षा में लिया और बच्चियों के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ BNS (भारतीय न्याय संहिता) एवं पोक्सो एक्ट (POCSO Act) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा छात्राओं के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है, वहीं विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता व्याप्त है।
पुलिस का कहना है कि दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।





