कालाखेत कॉम्प्लेक्स को साठिया समाज के अतिक्रमण से मुक्त करने उठाया मुद्दा
मंदसौर.
शहर के मध्य कालाखेत में शिक्षा विभाग के कॉम्प्लेक्स की दुकानों पर साठिया समाज का कब्जा है। इसके चलते दुकान लेने के बाद भी यहां व्यापारी दुकानों का संचालन नहीं कर पा रहे है। कुछ दुकानों पर अतिक्रमण के कारण पूरे कॉम्प्लेक्स में अन्य दुकानें भी नहीं चल पा रही है तो शहर का प्रमुख बाजार और व्यवसायीक क्षेत्र भी परेशान है। इसी को लेकर लंबे समय से मामला चला आ रहा है। विधायक विपिन जैन ने विधानसभा के मानसून सत्र में इसे लेकर सरकार से सवाल किया। इस पर सदन में विभागीय मंत्री ने माना कि अतिक्रमण है। उन्होंने मामले में कलेक्टर को कार्रवाई के निर्देश की बात सदन में कही।
विधायक जैन ने सदन में कहा कि पिछले 22 सालों से दुकानों से अतिक्रमण नहीं हट पाया है। व्यापारियों ने राशि का भुगतान किया दुकानें ली पर व्यापार नहीं कर पा रहे है। उनकी क्या गलती है। इतने सालों बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। 20 से 25 दुकानों पर कब्जा है तो इनके कारण अन्य दुकानें भी बंद पड़ी है। उन्होंने यहां कब्जा जमाए बैठे समुदाय के लोगों को अन्य जगहों पर स्थानांतरित करते हुए पट्टे देकर आवास का लाभ देने की मांग की और शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने और व्यापारियों की समस्या के समाधान की मांग की। इस पर विभागीय मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग का कॉम्प्लेक्स है। कुछ दुकानों के बाहर समुदाय के लोगों ने झोपडिय़ा बनाकर वहां रह रहे है। अतिक्रमण है। उन्होंने बारिश के दौर में अतिक्रमण नहीं हटाने और इसके बाद इस पर कार्रवाई का सदन में भरोसा दिया। इस पर विधायक ने कहा कि पहले भी सवाल किया था लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर मंत्री ने कहा कि समाधान में समय लगेगा लेकिन समाधान किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों से भी इस पर बात की है। विधायक के सदन में साठिया समाज के कालाखेत में मामला उठाने के बाद फिर से मामला सुर्खियों में आ गया है।





