डोडाचूरा तस्करी में खाकी पर दाग: ड्यूटी के दौरान पकड़ा गया पुलिस आरक्षक, कार से 30 किलो डोडाचूरा जब्त।
मंदसौर खाकी वर्दी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नारायणगढ़ थाना अंतर्गत बूढ़ा चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलो डोडाचूरा के साथ एक पुलिस आरक्षक और उसके साथी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरक्षक की पहचान राजेंद्रसिंह के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नीमच पुलिस लाइन में पदस्थ है और मूलतः भांगी पिपलिया (थाना नारायणगढ़) का निवासी है। बताया जा रहा है कि राजेंद्रसिंह पूर्व में मनासा थाने में तैनात था और हाल ही में नीमच पुलिस लाइन में भेजा गया था। लेकिन वर्दी में रहते हुए नशे के इस काले कारोबार से उसका जुड़ाव खाकी पर बड़ा दाग साबित हो रहा है। इस कार्रवाई ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और भीतर फैल रहे भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और कितनी सख्ती से कार्रवाई करता है। बूढ़ा चौकी प्रभारी शुभम व्यास ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मुंजाखेड़ी व बूढ़ा के बीच नाकाबंदी की गई थी, जहां एक कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें 30 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। कार में दो लोग सवार थे, जिनमें एक आरक्षक था। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मल्हारगढ़ एसडीओपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शाम तक मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।





